योग

योग

– डॉ. जगदेव विद्यालंकार

‘योगश्चित्तवृत्ति निरोधः’ योग दर्शन के अनुसार चित्त की वृत्तियों को रोकना ही योग कहलाता है। आयन्तर इन्द्रिय अर्थात् बुद्धि की उस स्थिरता को योग कहते हैं, जिसमें वह चेष्टा नहीं करती, उस अवस्था में परमात्मा में स्थिति होती है, इसलिए अगले सूत्र में कहा- ‘तदा द्रष्टुःस्वरूपेऽवस्थानम्’जब सर्ववृत्तियों का निरोध होकर चित्त अपनी कारण प्रकृति में लीन हो जाता है, उस अवस्था में वह अपने चेतन-स्वरूप से परमात्मा के आनन्द को भोगता हुआ उसी में स्थिर होता है। यही जीव का अन्तिम और चरम लक्ष्य है, इसी को मोक्ष कहते हैं।

प्रयत्न करना जीव का स्वभाव है। जब तक मोक्ष प्राप्त नहीं होता, तब तक मनुष्य प्रयत्नशील रहता है। प्रयत्न भी शुभ कर्मों के लिये होना चाहिए। मनुष्य अशुभ कर्मों को छोड़कर शुभ कर्मों में जब-जब और जितना-जितना प्रवृत्त होता है, उतना ही वह मोक्ष-मार्ग पर आगे बढ़ता है अर्थात् सकाम-कर्म को छोड़कर निष्काम कर्म में मनुष्य जितना प्रवृत्त होता है, उतना ही वह मोक्ष प्राप्ति के निकट पहुँचता है।

मानव की आध्यात्मिक उन्नति तो पूर्ण रूप से योगसाधना पर आधारित है ही, भौतिक उन्नति में भी योगसाधना की आवश्यकता है। भौतिक-जीवन में भी योगायास से शान्ति मिलती है। योग के द्वारा मनुष्य भौतिकता और आध्यात्मिकता में सामंजस्य स्थापित कर सकता है।

महर्षि पतञ्जलि ने योग में सफलता प्राप्त करने के लिए योग के आठ अंगों का विधान किया है, जो निम्न प्रकार से हैं-यम, नियम, आसन, प्राणायाम, प्रत्याहार, धारणा, ध्यान और समाधि।

यम पाँच प्रकार के होते हैं

  1. अहिंसा-मन, वाणी और शरीर से कभी भी किसी को भी दुःख न देने का नाम अहिंसा है।
  2. सत्य-यथार्थ भाषण अर्थात् जैसा देखा वा अनुमान किया अथवा सुना, उसको वैसा ही कथन करने का नाम सत्य है।
  3. अस्तेय-चोरी न करना अर्थात् छल, कपट, ताड़नादि किसी प्रकार से भी अन्य पुरुष के धन को ग्रहण न करने का नाम अस्तेय है।
  4. ब्रह्मचर्य-सर्व इन्द्रियों के निरोधपूर्वक उपस्थ इन्द्रिय के निरोध का नाम ब्रह्मचर्य है।
  5. अपरिग्रह-दोष-दृष्टि से विषयों के परित्याग का नाम अपरिग्रह है।

नियम भी पांच प्रकार के होते हैं

  1. शौच- यह दो प्रकार का है-

– बाह्य-शौच-जल अथवा मिट्टी आदि से शरीर के और हित, मित तथा मेध्य अर्थात् पवित्र भोजन आदि से उदर के प्रक्षालन का नाम बाह्य शौच है।

– आयन्तर-शौच-मैत्री, करुणा, मुदिता, उपेक्षा आदि भावनाओं से ईर्ष्या-द्वेष आदि चित्त के मलों के प्रक्षालन का नाम आयन्तर शौच है।

  1. सन्तोष-जो भोग के उपयोगी साधन अपने पास विद्यमान हैं, उनसे अधिक उपयोगी साधनों की लालसा न करना सन्तोष है।
  2. तप-सुख-दुःख, सर्दी-गर्मी, लाभ-हानि, मान-अपमान आदि द्वन्द्वों को सहने और हितकर तथा परिमित आहार करना ही तप कहलाता है।
  3. स्वाध्याय-ओंकारादि ईश्वर के पवित्र नामों का जप और वेद, उपनिषद्, वेदांग, उपांग, आदि शास्त्रों के अध्ययन का नाम स्वाध्याय है।
  4. ईश्वर-प्रणिधान-फल की इच्छा छोड़कर केवल ईश्वर की प्रसन्नता के लिए वेदविहित कर्मों के करने को ईश्वर-प्रणिधान कहते हैं।
  5. आसन- ‘स्थिरसुखमासनम्’स्थिर तथा सुखदाई स्थिति का नाम आसन है। योगी सिद्धासन, पद्मासन, वीरासन, भद्रासन, स्वस्तिकासन आदि जिस आसन में सुख से बैठकर ईश्वर का ध्यान लगा सके, वही आसन उचित है। आसन के सिद्ध हो जाने पर योगी को सर्दी-गर्मी आदि द्वन्द्व नहीं सताते।
  6. प्राणायाम- महर्षि मनु ने अपनी ‘मनुस्मृति’ में प्राणायाम की महिमा का वर्णन करते हुए लिखा है-

‘‘दह्यन्ते ध्मायमानानां धातूनांहि यथा मलाः।

तथेन्द्रियाणां दह्यन्ते दोषाः प्राणस्य निग्रहात्?’’

– 6.71

अर्थात् जैसे अग्नि में तपाने और गलाने से धातुओं के मल नष्ट हो जाते हैं, वैसे ही प्राणों के निग्रह से मन आदि इन्द्रियों के दोष भस्मीभूत हो जाते हैं। पतञ्जलि मुनि ने प्राणायाम का लक्षण बताते हुए लिखा है ‘तस्मिन् सति श्वासप्रश्वासयोर्गतिविच्छेदः प्राणायामः’ अर्थात् आसन की सिद्धि होने पर श्वास-प्रश्वास की गति के  अभाव का नाम प्राणायाम है। उन्होंने प्राणायाम के चार प्रकार बतलाये।

  1. बाह्यवृत्ति- जिस प्राणायाम में प्रश्वासपूर्वक प्राणगति का अभाव होता है, उसका नाम बाह्यवृत्ति है, इसे रेचका भी कहते हैं, क्योंकि इसमें प्राणवायु को बाहर ही रोका जाता है।
  2. आयन्तरवृत्ति- जिस प्राणायाम में श्वासपूर्वक प्राणगति का अभाव होता है, उसका नाम आयन्तरवृत्ति है, इसे पूरक भी कहते हैं, क्योंकि उसमें प्राणवायु को भीतर ही रोका जाता है।
  3. स्तभवृत्ति- जिस प्राणायाम में श्वासप्रश्वासपूर्वक प्राणगति का अभाव होता है उसका नाम स्तभवृत्ति है, इसे कुभक भी कहते हैं, क्योंकि इसमें कुभस्थ जल की भांति देह के भीतर निश्चलतापूर्वक प्राण की स्थिति होती है। इसमें जहाँ का तहाँ प्राण को रोका जाता है।
  4. बाह्यायन्तर विषयाक्षेपी- इसमें प्राण की स्वाभाविक गति को विपरीत दिशा में बलपूर्वक धकेला जाता है। अर्थात् यदि प्राण बाहर आ रहा है तो भीतर की ओर तथा भीतर जा रहा है तो बाहर की ओर धकेला जाता है।

प्राणायाम के लाभ

1– प्राणायाम से आयु की वृद्धि होती है।

2– प्राणायाम से शारीरिक और मानसिक उन्नति होती है।

3– प्राणायाम से रोग दूर होते हैं।

4– प्राणायाम से कुत्सित मनोवृत्तियाँ नष्ट हो जाती हैं।

5– प्राणायाम से चित्त का मल दूर होकर ज्ञान बढ़ता है।

6– प्राणायाम से प्राण वश में होने से इन्द्रियाँ और मन भी वश में हो जाते हैं।

7– प्राणायाम से धातुओं की पुष्टि होती है।

8– प्राणायाम से हृदय पर पड़े तम के आवरण का नाश होता है।

  1. प्रत्याहार- ‘स्वविषयासंप्रयोगे चित्तस्वरूपानुकार इवेन्द्रियाणां प्रत्याहारः’।

अर्थात् अपने-अपने विषयों के साथ समबन्ध न होने के कारण इन्द्रियों की चित्तस्थिति के समान स्थिति का नाम प्रत्याहार है। इन्द्रियों का बाह्य विषयों में जाना सहज स्वभाव है, उस सहज स्वभाव के विपरीत अन्तर्मुख होने को प्रत्याहार कहते हैं।

  1. धारणा- ‘देशबन्धश्चित्तस्य धारणा’।

अर्थात् चित्त का देश-विशेष (शरीर के नासिकाग्र, जिह्वाग्र, हृदयकमल आदि अंग-विशेष) में स्थिर करना धारणा कहलाता है।

  1. ध्यान- ‘तत्र प्रत्ययैकतानता ध्यानम्’।

अर्थात् धारणा के अनन्तर ध्येय पदार्थ में होने वाली चित्तवृत्ति की एकतानता को ध्यान कहते हैं।

  1. समाधि- ‘तदेवार्थमात्रनिर्भासं स्वरूपशुन्यमिव समाधिः।

अर्थात् अपने ध्यानात्मक रूप से रहित केवल ध्येय रूप से प्रतीत होने वाले उक्त ध्यान का ही नाम समाधि है। चित्त की जिस एकाग्र अवस्था में ध्याता, ध्यान, ध्येयरूप त्रिपुटि का भान होता है, उसको ध्यान और केवल ध्येय के भान को समाधि कहते हैं।

उपर्युक्त अष्टांगयोग से योगियों की तो उन्नति होती ही है, सांसारिक मनुष्यों को भी इससे जीवन में बहुत लाभ होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *